“कांग्रेस-भाजपा मिले हुए हैं” इनेलो अध्यक्ष अभय चौटाला का बयान

चंडीगढ़,4 oct:  इंडियन नेशनल लोकदल (इनेलो) के राष्ट्रीय अध्यक्ष अभय चौटाला ने आज प्रदेश की राजनीति पर बड़ा हमला बोलते हुए कहा कि सत्ता पक्ष और विपक्ष आपस में मिले हुए हैं। उन्होंने आरोप लगाया कि कांग्रेस के नेता भाजपा की मदद करते हैं और उन्हें बचाने का काम करते हैं।

अभय चौटाला ने कहा कि इसका सबसे बड़ा उदाहरण 2013 का है, जब इनेलो विपक्ष में थी और कांग्रेस सत्ता में। उस समय कांग्रेस सरकार के खिलाफ इनेलो ने खुलासा किया था कि कैसे सीएलयू और अन्य लाइसेंस सरकार द्वारा बेचे जा रहे थे। उन्होंने बताया कि उस समय के छह विधायकों की सीडी जारी की गई थी, जिसमें साफ दिखाया गया था कि लाइसेंस देने के नाम पर पैसे लिए जा रहे हैं। इस मामले की शिकायत लोकायुक्त को दी गई थी और नोटिस भी जारी हुआ था।

चौटाला ने आरोप लगाया कि चुनाव के बाद भाजपा सत्ता में आ गई और भ्रष्टाचार के खिलाफ आवाज उठाने का दावा किया, लेकिन उसी सीडी कांड में फंसे विधायक विनोद भ्याना भाजपा में शामिल कर लिए गए। उन्होंने कहा कि भाजपा पिछले 12 साल से इस मामले को दबा रही है।

उन्होंने कांग्रेस पर भी तीखा प्रहार करते हुए कहा कि आज कांग्रेस ने साबित कर दिया है कि भ्रष्टाचारियों को बढ़ावा दिया जाता है। चौटाला ने भाजपा से मांग की कि वे ईमानदारी से इन सभी लोगों के खिलाफ कार्रवाई करें। “अगर भाजपा ऐसा नहीं करती तो यह साफ हो जाएगा कि कांग्रेस और भाजपा मिले हुए हैं,” उन्होंने कहा।

किसान मुद्दे पर बोलते हुए चौटाला ने सरकार को चेतावनी दी कि 15 अक्टूबर तक खेतों में जमा पानी को निकाला जाए या किसानों को मुआवजा दिया जाए। “अगर 15 तारीख तक यह नहीं होता तो इसके बाद जो कुछ होगा, उसकी जिम्मेदारी सरकार की होगी,” उन्होंने कहा।

उन्होंने बताया कि इनेलो की कार्यकारिणी की बैठक 7 अक्टूबर को रोहतक में होगी। साथ ही केंद्र सरकार पर हमला करते हुए कहा कि हरियाणा से जो रिपोर्ट भेजी जा रही है उसमें सरकार की नाकामी साफ है, यही वजह है कि प्रधानमंत्री और गृह मंत्री राज्य का दौरा कर लोगों का विश्वास जीतने की कोशिश कर रहे हैं।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *